एफएनएन, बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. बिलासपुर पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई केस में मुख्य आरोपी को पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे है. बिलासपुर पुलिस का दावा है कि ड्रग्स की खेप पाकिस्तान से आती थी जिसे आरोपी देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई करता था. इस तरह बिलासपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है.
बिलासपुर में ड्रग्स तस्करी, पंजाब से मुख्य सरगना अरेस्ट
बिलासपुर के सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि कुछ दिनों पहले शहर की चकरभाटा पुलिट ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनमें मोहित हिंदुजा, करणदीप सिंह और आरजिंदर कुमार शामिल थे. तीनों आरोपियों के पास से 34 ग्राम हेराइन बरामद हुई थी. पूछताछ में पता चला कि करणदीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित इंदुजा को सप्लाई करता था. उसके बाद रजिंदर कुमार इसे ऊंची कीमत पर बेचता था.
पाकिस्तान वाया पंजाब से ड्रग्स की तस्करी
बिलासपुर पुलिस की जांच में अहम खुलासा हुआ कि तीनों आरोपियों के पास पंजाब से ड्रग्स पहुंचता था. उसके बाद ये तीनों ड्रग्स को बिलासपुर समेत राज्य के दूसरे इलाकों में खपाते थे. पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई चेन की जांच शुरू की. इसी बीच पुलिस विवेचना में पता चला कि पंजाब के तरनतारन से इन तीनों ड्रग्स तस्करों को ड्रग्स मिलती थी. पुलिस ने और तफ्तीश की तो खुलासा हुआ कि पंजाब के तरनतारन से ड्रग्स की यह खेप इन्हें मिलती थी. बिलासपुर पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि तरनतारन के खेमकरण में ड्रग्स का मुख्य सप्लायर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे रहता है.
पाकिस्तान से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क के तार, जांच जारी
बाला उर्फ बलराम सिंह का गांव पाकिस्तान सीमा से 200 मीटर की दूरी पर है. जांच में यह भी संकेत मिले कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीली पदार्थ गिराए जाते हैं जिन्हें बाद में देश के अलग अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है. यहीं से बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे ड्रग्स की खेप को सप्लाई करता था. अभी पुलिस इस इनपुट पर काम कर रही है. इस इनपुट पर जांच के बाद और खुलासा हो सकेगा.
पूछताछ में पता चला था कि आरोपी पंजाब के तरनतारन के थाना खेमकरण क्षेत्र में रहता है. वहीं से वह ड्रग्स की सप्लाई करता है.आरोपी पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र में रहता है.मामले में तीन आरोपियों को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है. अब मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है- निमितेश सिंह परिहार, सीएसपी, बिलासपुर सिविल लाइन
आरोपी को तरनतारन से बिलासपुर ला रही पुलिस
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब से पुलिस बिलासपुर लेकर आ रही है. उसे ट्रेन से जरिए लाया जा रहा है. बिलासपुर लाने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.







