एफएनएन, देहरादून : Pregnant Wife सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला गांव में गर्भवती महिला के साथ कथित क्रूरता और गर्भस्थ शिशु की मौत का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पति बबलू ने हरियाणा के पानीपत में अवैध रूप से गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराया था। जांच में गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद उसने पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के बाद से ही महिला को घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी दो शादियां कर चुका है। महिला की पहले से दो बेटियां हैं और तीसरी बार गर्भवती होने पर पति लगातार लिंग परीक्षण कराने का दबाव बना रहा था।
आरोप है कि पानीपत से लौटने के बाद आरोपी का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया। परिजनों का दावा है कि उसने महिला को पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगाया और डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना की जानकारी आरोपी के यहां काम कर रहे एक मजदूर ने पीड़िता के परिवार को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया।
पीड़िता की दादी ने आरोप लगाया कि बेटा पाने की चाह में आरोपी ने गर्भ में पल रही बच्ची की जान ले ली। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी जैसी सख्त सजा की मांग की है।
वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।







