एफएनएन, नई दिल्ली: दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के एक और नेता फंसते नजर आ रहे हैं. अब AAP के नेता दुर्गेश पाठक का नाम इस मामले में सामने आ रहा है. प्रवर्तन निदेशालय ने दुर्गेश पाठक को समन भेज आज 2 बजे ही ईडी ऑफिस तलब किया है. अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, और अब दुर्गेश पाठक पर भी ईडी का शिकंजा कसता नजर आ रहा है. साथ ही इस मामले में गिरफ्तार सीएम अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव से भी केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूछताछ की है.
आतिशी ने गिरफ्तारी का किया वादा: कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को दिए बयान में कहा था कि शराब घोटाले का आरोपी विजय नायर उन्हें नहीं बल्कि दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी को रिपोर्ट करता था. उसके एक दिन बाद हीं आतिशी ने मीडिया के सामने आकर कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी दुर्गेश पाठक और राघव चड्ढा को भी घोटाला मामले में गिरफ्तार कर सकती है. अब ईडी ने दुर्गेश पाठक को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है.
शराब घोटाले का पैसा चुनाव प्रचार पर खर्च करने का आरोप: दुर्गेश पाठक का नाम इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि गोवा विधानसभा चुनाव में शराब घोटाले से मिले पैसे खर्च करने का आरोप है. दुर्गेश पाठक आम आदमी पार्टी के गोवा के इंचार्ज थे. अब ईडी ने समन भेजा है. आम आदमी पार्टी पर आरोप है कि शराब घोटाले से मिले तकरीबन 100 करोड़ रुपए चुनाव के दौरान वहां प्रचार प्रसार में खर्च किया गया है.
बता दें के दिल्ली शराब घोटाले में अगस्त 2022 में सबसे पहले सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया था. इसमें मनीष सिसोदिया समेत कुल 15 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था. दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फरवरी 2023 में गिरफ्तार किया गया था. उसके बाद अक्टूबर में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार किया था. इसी मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया है और वह तिहाड़ जेल में बंद है.







