एफएनएन, फरीदाबाद : जिले में साइबर अपराध की एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें खुद को आरबीआई का कर्मचारी बताकर ठग ने करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी की. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय अमित सकुजा के रूप में हुई है, जो वेस्ट दिल्ली में वीएस ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शॉप चलाता है.
फोन कॉल से शुरू हुआ ठगी का पूरा खेल: इस पूरे मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि, “सेक्टर-29 निवासी कमल ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 6 दिसंबर 2025 को उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को एयरटेल कर्मचारी बताया और वाई-फाई बिल बकाया होने की बात कही. इसके बाद फोन कट कर दिया. कुछ देर बाद पीड़ित के व्हाट्सएप पर दूसरे नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया और खाते से संदिग्ध लेन-देन की बात कहकर पीड़ित को डरा दिया.”
एफडी जांच के नाम पर 1.90 करोड़ की ठगी: पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने आगे बताया कि, शिकायत के मुताबिक ठगों ने पीड़ित को बताया कि उनके बैंक खाते और एफडी की जांच की जानी है और जांच पूरी होने तक आरबीआई के निर्देशानुसार बताए गए खातों में रकम जमा करानी होगी. भरोसे में आए पीड़ित ने आरटीजीएस के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन करते हुए कुल 1 करोड़ 90 लाख 78 हजार 699 रुपए ट्रांसफर कर दिए. बाद में जब पीड़ित ने संपर्क करने की कोशिश की तो सभी नंबर बंद मिले और तब उसे ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने शिकायत दर्ज कराई.”
फरार आरोपियों की तलाश जारी: पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि, “पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से करीब 30 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करवा दिए हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.” पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर बैंक और आरबीआई के नाम पर मांगी गई जानकारी या रकम साझा न करें.”






