- दावेदारी के साथ ही व्यापार मंडल की कमजोर जड़ बाहर आई
- दोनों नेता बोले – व्यापार मंडल के लेटर हेड पर दावेदारी ठीक नहीं
- फेसबुक बॉल पर लिखने के पीछे सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की चाल !
एफएनएन, रुद्रपुर : प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा की नगर निकाय चुनाव में दावेदारी पर उन्हीं के महामंत्री और कोषाध्यक्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों व्यापारी नेताओं का कहना है कि व्यापार मंडल के लेटर हेड पर दावेदारी करना उचित नहीं है। उनका कहना है कि इस दावेदारी से उनका कोई सरोकार भी नहीं है। हालांकि उनके इस बयान के पीछे सत्ताधारी नेताओं की ‘हरकत ‘ की बू आ रही है।

आपको बता दें कि संजय जुनेजा पिछले 12 साल से प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल रुद्रपुर के नगर अध्यक्ष हैं। व्यापारियों के लिए संघर्ष के दौरान वह जेल भी गए और कई मुकदमे भी दर्ज हुए।
संजय पूर्व मंत्री और किच्छा से विधायक तिलक राज बेहड़ के करीबियों में गिने जाते हैं। अब उन्होंने कांग्रेस से दावेदारी ठोकी है।

कल उन्होंने अपना आवेदन जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा को सौंप दिया। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के लेटर हेड पर की गई यह दावेदारी महामंत्री मनोज छाबड़ा और कोषाध्यक्ष संदीप राव को रास नहीं आई है। दोनों नेताओं ने अपनी फेसबुक बॉल पर लिखा है कि संजय जुनेजा की दावेदारी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने संजय जुनेजा को आगे के लिए आगाह किया है कि लेटर हेड का गलत इस्तेमाल न किया जाए।

दोनों व्यापारी नेताओं की यह बेरुखी चर्चा का विषय बनी हुई है। उधर, संजय जुनेजा से जब इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना था कि वह पिछले 12 साल से व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं। उन्होंने व्यापार मंडल के अध्यक्ष के तौर पर ही कांग्रेस से दावेदारी की है। रही बात दोनों नेताओं के विरोध की तो वह हमारे व्यापारी भी हैं और छोटे भाई भी। अगर कांग्रेस उन्हें मौका देती है तो व्यापारी और भाई के नाते यह दोनों उनके चुनाव में भरपूर सहयोग करेंगे। वहीं चर्चा यह भी है कि महामंत्री और कोषाध्यक्ष द्वारा की गई इस टिप्पणी के पीछे सत्ताधारी पार्टी के कुछ नेता शामिल है, जिन्होंने इन नेताओं का संजय जुनेजा के खिलाफ इस्तेमाल किया है।

उधर, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश बंसल ने कहा कि अगर हमारे व्यापार मंडल का कोई भी पदाधिकारी टिकट मांगता है या चुनाव लड़ता है तो व्यापार मंडल तन-मन और धन से उसका साथ देगा और चुनाव लड़ाएगा।







