एफएनएन, देहरादून : Dehradun हरिद्वार-देहरादून मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 के माध्यम से हर्रावाला चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी। इसके बाद फायर सर्विस को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार चालक की पहचान हिमांशु जोशी, पुत्र नरेश चंद्र, निवासी लक्ष्मी रोड, डालनवाला (देहरादून) के रूप में हुई है। कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
चालक हिमांशु जोशी ने पुलिस को बताया कि वाहन चलाते समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने के बाद कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।






