एफएनएन, कर्णप्रयाग : सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में कुछ युवा अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला भराड़ीसैंण स्थित हेलीपैड से सामने आया है, जहां एक युवक का खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही गैरसैंण कोतवाली ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि व्यक्ति और आसपास मौजूद लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकते हैं। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए ऐसी जोखिमभरी हरकतों से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।






