Monday, February 9, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराष्ट्रीयपाकिस्तानी गोलाबारी में कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारी समेत 5 की मौत, सेना...

पाकिस्तानी गोलाबारी में कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारी समेत 5 की मौत, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

एफएनएन, श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के राजौरी, पुंछ और जम्मू जिले में शनिवार तड़के पाकिस्तान की गोलेबारी में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा और उनके स्टाफ के दो कर्मचारी शहर में उनके (थापा के) आवास पर गोला गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां थापा ने दम तोड़ दिया।

अधिकारी की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राजौरी से दुखद समाचार मिला। हमने जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा के एक निष्ठावान अधिकारी को खो दिया है। उन्होंने (थापा ने) कल ही उपमुख्यमंत्री के साथ जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और वह मेरी अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से हुई बैठक में भी शामिल हुए थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राजौरी शहर को निशाना बनाकर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलेबारी में उनका (थापा का) आवास चपेट में आ गया और अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई। मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’

अधिकारियों ने बताया कि राजौरी शहर में एक औद्योगिक क्षेत्र के पास पाकिस्तान की गोलेबारी में आयशा नूर (दो) और मोहम्मद शोहिब (35) की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के कंघरा-गलहुट्टा गांव में मोर्टार के एक घर पर गिरने से 55 वर्षीय रशीदा बी की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जम्मू जिले के आर एस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में बिदीपुर जट्टा गांव के निवासी अशोक कुमार उर्फ ​​शौकी की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ में भीषण गोलेबारी में तीन और लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जम्मू शहर के रिहाड़ी और रूपनगर समेत रिहायशी इलाकों में भी गोले और संदिग्ध ड्रोन गिरने से कई लोग घायल हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments