एफएनएन, बाराबंकी : हत्या की एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक अधेड़ ने आइसक्रीम बेचने वाले का सिर धड़ से अलग कर दिया. इसके बाद हत्यारे ने युवक के सिर को पास में जल रहे चूल्हे में डालकर जलाने की कोशिश भी की. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
बता दें कि पूरा मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के तराई इलाके के परसावल गांव का है. जहां बबलू नाम का युवक अपने भाई के साथ आइसक्रीम बेचने के लिए पहुंचा था. इस दौरान शंकर यादव (50) ने युवक को रुकावकर आइसक्रीम मांगी. उसके बाद जब बबलू ने शंकर यादव से आइसक्रीम के पैसे मांगे तो वह भड़क उठा और विवाद करने लगा. इस दौरान शंकर ने धमकी दी कि वह चिल्लाकर आइसक्रीम नहीं बचेगा, अगर उसके चिल्लाने की आवाज सुनी तो जान से मार देगा.
वहीं शंकर की धमकी के बाद भी बबलू ने आवाज देकर फिर से आइसक्रीम बेचने लगा और अपने पैसे की डिमांड की. इस दौरान शंकर भड़क गया और घर से धारदार हथियार लाकर बबलू पर कई वार कर सिर धड़ से अलग कर दिया. उसके बाद सिर को लेकर गया और घर के चूल्हे में जलाने की कोशिश की. जिसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.






