एफएनएन, हाथरस : हाथरस में कथित सामूहिक दुष्कर्म कांड के बाद से मृतका के घर सोमवार को आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल भी पहुंचा। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। इसके साथ ही विरोध में पथराव भी किए जाने की जानकारी मिल रही है। संजय सिंह हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए उनके घर गए हुए थे। पुलिस ने स्याही फेंकने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों से मिलने के लिए गए आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल में राखी विडलान आप विधायक दिल्ली, राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली सामाजिक न्याय मंत्री, संजय सिंह राज्य सभा सांसद, हरपाल सिंह चीना एलओपी नेता मौजूद थे। वहीं हाथरस की घटना को लेकर दिल्ली महिला आयोग की सदस्य का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग को इस प्रकरण का संज्ञान लेना चाहिए। उनका अभी तक गांव में न आना बेहद निंदनीय है।