एफएनएन, देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से लेकर गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। साथ ही, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
एक्सप्रेसवे से बढ़ेगा पर्यटन और आर्थिक विकास
निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से राजधानी दिल्ली और एनसीआर से देहरादून पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
डाट काली मंदिर में की पूजा-अर्चना
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





