एफएनएन, पीलीभीत : पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में स्थित नानकमत्ता गुरुद्वारा में कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना को लेकर तराई के इस जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस गुरुद्वारा से जिले के तमाम सिखों का गहरा जुड़ाव होने के मद्देनजर शांति एवं सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
तराई के जिले में शहर के साथ ही उत्तराखंड बार्डर की नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा, अमरिया, न्यूरिया, माधोटांडा, कलीनगर, पूरनपुर, गजरौला, बिलसंडा आदि में बड़ी संख्या में सिख रहते हैं। इन सभी का नानकमत्ता गुरुद्वारा से काफी गहरा धार्मिक जुड़ाव है। कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह जिले के विभिन्न गुरुद्वारों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आते रहे थे।
सिख समाज में वह काफी सम्मानित हस्ती माने जाते थे। पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अनुसार अमरिया, न्यूरिया, हजारा,सेहरामऊ उत्तरी, बिलसंडा, गजरौला, पूरनपुर आदि थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि वाहनों की चेकिंग के साथ ही शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार गश्त की जाए। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड बार्डर से लगे इलाकों में पहले से ही चेकिंग की व्यवस्था चल रही है।










