एफएनएन, मुरादाबाद : मुरादाबाद से कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज हो गया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कुछ देर बाद दोनों नेता लोगों से संवाद करेंगे। वह चुनाव की तैयारी के साथ किसान आंदोलन, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाकर भाजपा को घेरने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्याय यात्रा की शुरुआत के लिए मुरादाबाद को ही केंद्र बनाया है। शनिवार सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इसमें भाग लेने के लिए नई दिल्ली से सुबह रवाना हुए। दो दिन के अंतराल के बाद यात्रा मुरादाबाद से शुरू हुई।
इसके बाद अमरोहा और संभल पहुंचेंगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मुरादाबाद से शुरू होने वाली यात्रा में प्रियंका गांधी मुख्य रूप से भाग लेंगी। यह यात्रा का 42 वां दिन होगा। 25 तारीख को यात्रा संभल से शुरू होकर आगरा पहुंचेगी। इसमें अखिलेश यादव शामिल होंगे।
26 फरवरी से 1 मार्च तक यात्रा बंद रहेगी। लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर जयराम रमेश ने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि (यूपी में) गठबंधन की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस भी गठबंधन को लेकर आधिकारिक घोषणा जल्द करेंगी।