एफएनएन, देहरादून : Ankita Bhandari Case में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट कराने की प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है। गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट से पहले कराए गए मेडिकल परीक्षण में सुरेश राठौर को अनफिट पाया गया है। इसके चलते फिलहाल उनका नार्को टेस्ट नहीं हो पाएगा। वहीं, इस मेडिकल रिपोर्ट को लेकर उर्मिला सनावर ने सवाल खड़े करते हुए इसे साजिश करार दिया है। दूसरी ओर, सुरेश राठौर ने हरिद्वार पहुंचकर उर्मिला सनावर से जुड़े कई खुलासे करने की बात कही है।
नार्को टेस्ट से पहले मेडिकल जांच में अनफिट मिले सुरेश राठौर
नार्को टेस्ट कराने से पहले संबंधित व्यक्ति की मेडिकल जांच की जाती है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि व्यक्ति का शरीर एनेस्थीसिया देने के लिए सुरक्षित स्थिति में है या नहीं। साथ ही मेडिकल जांच के आधार पर एनेस्थीसिया की उचित मात्रा निर्धारित की जाती है।
जानकारी के मुताबिक, करीब चार दिन पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर मेडिकल जांच के लिए गुजरात के गांधीनगर पहुंचे थे। यहां जांच के बाद आई रिपोर्ट में उन्हें नार्को टेस्ट के लिए अनफिट बताया गया। इसके बाद उन्हें वापस भेज दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट के चलते फिलहाल नार्को टेस्ट की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
उर्मिला सनावर ने मेडिकल रिपोर्ट को बताया साजिश
सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट में अटकने के बाद उर्मिला सनावर ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उर्मिला सनावर ने मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश का हिस्सा बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश राठौर नार्को टेस्ट से बचने के लिए शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का हवाला दे रहे हैं। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
हरिद्वार पहुंचकर खुलासे करने का दावा
वहीं, गुजरात से लौट रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने भी उर्मिला सनावर पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पहुंचने के बाद वह उर्मिला सनावर से जुड़े कई राज सार्वजनिक करेंगे।
सुरेश राठौर ने उर्मिला सनावर के निजी जीवन और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ऐसे में अंकिता भंडारी मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। फिलहाल नार्को टेस्ट की प्रक्रिया मेडिकल अनफिट होने के कारण रुकी हुई है।







