एफएनएन, नई दिल्ली: Nepal के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रविवार को भारत पहुंच गए। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है। इस दौरे के दौरान सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
पीएम मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होगी अहम बैठक
भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री के बीच होने वाली इस मुलाकात को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आने वाले वर्षों के लिए द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने पर जोर रहेगा। आर्थिक विकास, सामाजिक उत्थान, तकनीकी विस्तार और बुनियादी ढांचे से जुड़े क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा होंगे।
ऊर्जा और जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
दोनों देशों के बीच ऊर्जा और जलविद्युत सहयोग को लेकर कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की उम्मीद है। भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है। नेपाल अपने बिजली निर्यात के लिए भी भारतीय बाजार पर काफी हद तक निर्भर है। वर्ष 2025-26 में भारत को बिजली बेचकर नेपाल ने करीब 1800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई की थी। ऐसे में ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग दोनों देशों के लिए अहम माना जा रहा है।
रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक पर भी होगी चर्चा
भारत और नेपाल के बीच सीमा पार कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक की संभावनाओं पर भी चर्चा हो सकती है। इस परियोजना के शुरू होने से दोनों देशों के बीच यात्री और माल परिवहन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना भी है। इससे रामायण परंपरा से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क मजबूत होगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नेपाल के व्यापार और निवेश में भारत की बड़ी भूमिका
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश भागीदार है। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा भारतीय बाजार में पहुंचता है। वहीं, नेपाल में होने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी FDI का करीब एक-तिहाई हिस्सा भारत से आता है। दोनों देश पहले से ही कई विकास परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रहे हैं। इस बैठक में आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
लिपुलेख और कालापानी सीमा विवाद भी अहम मुद्दा
भारत और नेपाल के बीच संबंधों में सहयोग के साथ कुछ पुराने विवाद भी रहे हैं। लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चला आ रहा है। मई में इस मुद्दे पर उस समय तनाव बढ़ गया था, जब बालेंद्र शाह ने सीमा विवाद के समाधान में चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की बात कही थी।
इसके बाद भारत ने स्पष्ट किया था कि सीमा विवाद सुलझाने में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका स्वीकार नहीं की जाएगी। भारत का कहना है कि दोनों देशों के बीच इस तरह के मुद्दों के समाधान के लिए पहले से ही द्विपक्षीय तंत्र मौजूद है। भारत इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है, जबकि नेपाल भी इन पर अपना दावा करता रहा है।
कई समझौतों और परियोजनाओं पर बन सकती है सहमति
बालेंद्र शाह की इस यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच बातचीत के बाद नेपाल में कई विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों पर सहमति बनने और उनके आदान-प्रदान की उम्मीद है।
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं, जिन्हें अक्सर ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता कहा जाता है। ऐसे में इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने और पुराने मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।







