एफएनएन, देहरादून : Ankita Bhandari उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रही उनकी मां सोनी देवी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सोनी देवी ने धमकी मिलने की बात कहते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने मामले का संज्ञान लेते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया वीडियो में सोनी देवी ने बयां किया दर्द
वायरल वीडियो में सोनी देवी का कहना है कि उन्हें धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ भी बोला तो उनके परिवार का पता तक नहीं चलेगा। इस धमकी के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।
उन्होंने कहा कि वह पिछले चार वर्षों से अपनी बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इस दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने अंकिता के चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि ऐसे लोगों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
IG गढ़वाल ने SSP देहरादून को दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने देहरादून एसएसपी को सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क कर उनकी शिकायत प्राप्त करने को कहा है।
इसके साथ ही धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
धमकी देने वालों की पहचान कर होगी कार्रवाई
आईजी के निर्देशों के बाद पुलिस को मामले की प्राथमिकता से जांच करने को कहा गया है। पुलिस को यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है कि सोनी देवी को धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या वजह है।
अंकिता को न्याय दिलाने के लिए जारी है परिवार का संघर्ष
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के चर्चित मामलों में शामिल है। बेटी को न्याय दिलाने के लिए सोनी देवी लगातार आवाज उठा रही हैं। अब उन्हें धमकी मिलने का आरोप सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा फिर चर्चा में है। फिलहाल पुलिस जांच और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







