एफएनएन, हरिद्वार : प्रयागराज कुंभ मेले में परिवार से बिछड़े एक बुजुर्ग को आखिरकार दो साल बाद अपने परिजनों का साथ मिल गया। हरिद्वार के पिरान कलियर में भटक रहे करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने उनके परिवार से मिलवाया। बुजुर्ग का बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इसके बाद परिजन हरिद्वार पहुंचे और बुजुर्ग को अपने साथ घर ले गए।
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को मिले बुजुर्ग
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस की ओर से जिले में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान कलियर शरीफ दरगाह परिसर में पुलिसकर्मी मुकेश कुमार की नजर करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग पर पड़ी। बुजुर्ग जूता स्टॉल के पास लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगकर अपना गुजारा कर रहे थे।
पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बुजुर्ग ने बताया कि वह गांव के लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गए थे, लेकिन वहां अपने परिजनों से बिछड़ गए। इसके बाद से वह लगातार इधर-उधर भटक रहे थे और किसी तरह अपना जीवन गुजार रहे थे। बाद में वह पिरान कलियर पहुंच गए, जहां भीख मांगकर गुजारा करने लगे।
दो साल से पिता की तलाश कर रहा था परिवार
बुजुर्ग की आपबीती सुनने के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) हरिद्वार और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार पुलिस से संपर्क किया। कुटुंबा थाना पुलिस को बुजुर्ग का नाम और फोटो भेजकर उनकी पहचान की पुष्टि कराई गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उनके परिजनों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग की उनके बेटे अंकित से बात कराई। स्क्रीन पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और रोने लगा। उसने बताया कि उसके पिता करीब दो साल पहले प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गए थे, लेकिन वहां से लापता हो गए थे। परिवार ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन लंबे समय तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पिता को देखते ही बेटे के छलके आंसू
पिता के मिलने की खबर सुनते ही बेटा अंकित रात में ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा। इसके बाद वह पिरान कलियर पहुंचा और दो साल बाद अपने पिता से मिला। लंबे समय से बिछड़े पिता को सामने देखकर बेटा खुद को संभाल नहीं पाया और उनसे लिपटकर रो पड़ा। इस भावुक मिलन को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने बुजुर्ग को CISF में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात उनके बेटे अंकित और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने परिजनों को बुजुर्ग का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी। परिवार ने दो साल बाद अपने पिता को सकुशल पाकर हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।








