एफएनएन, देहरादून : PRD Jawans उत्तराखंड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया और पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
सीएम धामी का पुतला दहन करने को लेकर पुलिस-कांग्रेस में तीखी बहस
पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने पुतले से मुख्यमंत्री धामी की तस्वीर हटाने की कोशिश की, जिसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार निरंकुश हो चुकी है और अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों पर पुलिस के जरिए कार्रवाई कराई जा रही है।
गणेश गोदियाल ने लाठीचार्ज को बताया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीआरडी जवानों पर पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस की लाठियों के दम पर दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये जवान राज्य की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। इसके बावजूद सरकार उनके भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और घायल जवानों को मुआवजा देने की मांग
गणेश गोदियाल ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आंदोलन कर रहे लोगों से बातचीत करे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले। लेकिन भाजपा सरकार संवाद करने के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश की व्यवस्था संभालने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की मांग करने पर पुलिस की लाठियां क्यों खानी पड़ रही हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और लाठीचार्ज में घायल जवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जवानों के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।








