एफएनएन , गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी की दीवार में हुए धमाके के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा।
घटना के बाद पुलिस कमिश्नर जे. रवींद्र गौड़ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जांच की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने से पहले धमाके के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
धमाके के समय चौकी में मौजूद थे सब इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय
पुलिस कमिश्नर जे. रवींद्र गौड़ के मुताबिक, वसुंधरा पुलिस चौकी की दीवार में धमाका होने की सूचना मिली थी। घटना के समय चौकी के अंदर एक सब इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे। दोनों ने अचानक दीवार में तेज धमाके की आवाज सुनी।
इस घटना में डिलीवरी बॉय को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
आतंकी संगठन के जिम्मेदारी लेने के दावे की भी पड़ताल
धमाके के बाद एक आतंकी संगठन की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य यह पता लगाना है कि धमाका किस तरह हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। किसी भी दावे के आधार पर अभी घटना को साजिश या आतंकी हमला करार नहीं दिया जा सकता।
मौके पर जांच एजेंसियां, रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद संबंधित जांच एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और धमाके से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में सामने आने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वसुंधरा पुलिस चौकी की दीवार में हुआ धमाका किसी साजिश का हिस्सा था या किसी अन्य वजह से यह घटना हुई।








