एफएनएन, देहरादून : Gairsain Assembly Session उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय विधानसभा सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण समेत सरकार के मंत्री और विधायक सोमवार शाम तक गैरसैंण पहुंच जाएंगे। वहीं, रविवार को सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।
सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट होगा पेश
विधानसभा सत्र के दौरान धामी सरकार सदन में करीब सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। सरकार ने विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की तैयारी की है।
ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
सत्र के दौरान विपक्ष प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। वहीं, कांग्रेस विधायक सदन के भीतर भी जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
विधानसभा सचिवालय को अब तक विधायकों की ओर से 430 से अधिक प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके चलते प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
विधानसभा सचिवालय ने तैयारियों का लिया जायजा
विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ विधानसभा सचिवालय के कई अधिकारी भी गैरसैंण पहुंच गए हैं। सोमवार को मंत्रियों, विधायकों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही सत्र से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
दो दिन के इस सत्र में अनुपूरक बजट के साथ-साथ विधायी कामकाज और विपक्ष के सवालों को लेकर सदन में सियासी हलचल रहने की संभावना है।








