एफएनएन, कोटद्वार : Lansdowne राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस सुब्रमणि आईआईटी रुड़की में आयोजित दीक्षांत समारोह के समापन के बाद लैंसडौन पहुंचे। दोनों शीर्ष अधिकारी हेलिकॉप्टर से गढ़वाल राइफल्स के हेलीपैड पर उतरे, जहां सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
गढ़वाल राइफल्स के हेलीपैड पर हुआ स्वागत
हेलीपैड पहुंचने पर कर्नल ऑफ द रेजिमेंट, गढ़वाल ग्रुप एवं गढ़वाल स्काउट्स के लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने NSA अजीत डोभाल और CDS जनरल एनएस सुब्रमणि की आगवानी की। इस दौरान ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी मौजूद रहे। बताया गया कि दोनों अधिकारी रुड़की में एक सैन्य कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे लैंसडौन पहुंचे।
लैंसडौन में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
दोनों शीर्ष अधिकारियों के दौरे को देखते हुए लैंसडौन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस और सेना के जवानों को कई किलोमीटर के दायरे में तैनात किया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई।
चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी
वेलकम पोस्ट और जयहरीखाल चेक पोस्ट पर विशेष सतर्कता बरती गई। बाहरी लोगों की आवाजाही की निगरानी के साथ ही क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों और लोगों पर भी पैनी नजर रखी गई।
NSA और CDS के आगमन को लेकर पुलिस तथा सेना ने संयुक्त रूप से सुरक्षा घेरा तैयार किया था। लैंसडौन के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे।








