एफएनएन, दुर्ग : जिले के भिलाई में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उतई थाना क्षेत्र के बंजारीपारा में 5 साल की मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आने से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची स्कूल से लौटने के बाद दुकान जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास एक खंडहर और कुएं के किनारे एक संदिग्ध बोरा मिला, जो हल्का-हल्का हिल रहा था।
बोरा खोलने पर लोगों के होश उड़ गए, अंदर बच्ची बेहोशी की हालत में बंधी हुई थी। उसका मुंह भी कपड़े से कसकर बांधा गया था। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक 40 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत जुटाए हैं।
ग्रामीणों का आक्रोश, थाने का घेराव
घटना के बाद इलाके में भारी गुस्सा देखने को मिला। सैकड़ों ग्रामीणों ने उतई थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी देने की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
प्रशासन और नेताओं की प्रतिक्रिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी हालत स्थिर है। वहीं स्थानीय सांसद विजय बघेल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध मानवता पर कलंक हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।





