एफएनएन, नई दिल्ली. मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में स्थित शाही ईदगाह मस्जिद को हटाकर संबंधित जमीन वापस उसके मालिक श्रीकृष्ण जन्मस्थान ट्रस्ट को सौंपे जाने के अनुरोध वाली याचिका पर ऑलं इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन के चीफ असदुद्दीन ओवैसी के बोल बिगड़ गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा है। असदुद्दीन ओवैसी ने विवादित बयान देते हुए ट्वीट किया, ‘जिस बात से डर था वही हो रहा है. बाबरी मस्जिद से जुड़े फैसलों की वजह से संघ परिवार के लोगों के इरादे और भी मज़बूत हो गए हैं। याद रखिए, अगर आप और हम अभी भी गहरी नींद में रहेंगे तो कुछ साल बाद संघ इस पर भी एक हिंसक मुहिम शुरू करेगी और कांग्रेस भी इस मुहिम का एक अटूट हिस्सा बनेगी। उन्होंने लोगों से संघ परिवार से सतर्क रहने को कहा है। ओवैसी ने कहा, पूजा का स्थान अधिनियम 1991, पूजा के स्थान को बदलने से मना करता है। गृह मंत्रालय को इस अधिनियम का प्रशासनिक अधिकार सौंपा गया है, इसकी प्रतिक्रिया कोर्ट में क्या होगी? शाही ईदगाह ट्रस्ट और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संघ ने अक्टूबर 1968 में इस विवाद को हल किया. अब इसे पुनर्जीवित क्यों करें?