Wednesday, February 11, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडशर्मनाक खुलासा: गांव की दो महिलाओं से गैंगरेप, वीडियो बनाकर किया जाता...

शर्मनाक खुलासा: गांव की दो महिलाओं से गैंगरेप, वीडियो बनाकर किया जाता था शोषण

एफएनएन, देहरादून: उत्तराखंड में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में तेजी से इजाफा देखने को मिला है. राजधानी देहरादून से लेकर उधम सिंह नगर और हरिद्वार जैसे बड़े जिले लगातार आपराधिक घटनाओं के केंद्र बनते जा रहे हैं. इसी कड़ी में हरिद्वार जिले के रुड़की से सामने आई दो सनसनीखेज वारदातों ने न केवल पुलिस महकमे, बल्कि शहर और ग्रामीणों को झकझोर दिया है. इस घटना ने पूरे राज्य में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रुड़की के एक ही गांव में दो अलग-अलग महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है. हैरानी की बात ये है कि पहली महिला के साथ गैंगरेप के मामले में जिन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था, वही दूसरी महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के भी आरोपी निकले. दूसरी पीड़िता की शिकायत के बाद जब पुलिस ने जांच की तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों ही मामलों में अपराध का तरीका एक जैसा था. बता दें कि, तीन आरोपियों में से मेहरबान और अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी अभी फरार है.

पहला मामला- नशा, अश्लील वीडियो और शोषण: रुड़की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पहली 36 वर्षीय पीड़िता का पति ईंट भट्टे पर काम करता है. पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, महिला का पति करीब छह महीने पहले वह काम के सिलसिले में कोटद्वार गया था. इसी दौरान पति का एक दोस्त महिला के घर आने जाने लगा. आरोप है कि एक दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा. उसने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया. जिसके बाद आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को वहां बुलाया. इसके बाद तीनों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इस दौरान एक आरोपी ने पूरी घटना का अश्लील वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया.

पीड़िता के अनुसार, इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा. जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी. इससे मानसिक रूप से टूट चुकी महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी मेहरबान समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा.

दूसरा मामला- मेरठ की महिला भी बनी शिकार: पहले मामले की जांच चल ही रही थी कि इसी गांव से जुड़ा एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया. मेरठ निवासी 31 वर्षीय एक महिला (जो वर्तमान में हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में रह रही थी) ने भी रुड़की कोतवाली में गैंगरेप की शिकायत दर्ज करवाई. महिला के अनुसार, उसकी जान पहचान एक युवक से हुई. जिसने उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया. नशे की हालत में आरोपी महिला को अपने घर ले गया. जहां उसने दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने इस घटना का भी अश्लील वीडियो बनाया. उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

जब पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर जांच की तो सामने आया कि इस मामले में भी वही आरोपी शामिल हैं जिन्हें पहले मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल का बयान: हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबालने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पहली शिकायत पर जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, दूसरी महिला की शिकायत सामने आने के बाद जांच में यह साफ हो गया कि वही आरोपी दूसरे मामले में भी शामिल थे.

पहले मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जब दूसरी शिकायत आई तो हमने गंभीरता से जांच की. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दोनों ही मामलों में आरोपी एक ही हैं. फिलहाल पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस तरह की घटनाएं काफी लंबे समय से चल रही थीं.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने किसी और महिला को तो अपना शिकार नहीं बनाया. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. – प्रमेंद्र सिंह डोबाल, हरिद्वार एसएसपी –

एक जैसा तरीका, एक ही गांव, गहरी साजिश की आशंका: दोनों मामलों में एक जैसी कार्यप्रणाली सामने आने से पुलिस को एक संगठित गिरोह की आशंका है. महिलाओं से पहले बातचीत करना उनके भरोसे को जीतना फिर कोल्ड ड्रिंक या चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश करना. उसके बाद दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना. यह पूरा पैटर्न दोनों ही मामलों में एक जैसा है.

शुरुआती जांच में यह भी संकेत भी मिल रहे हैं कि आरोपी इस तरह की वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देते थे. गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है. महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.

कानून व्यवस्था पर सवाल, पुलिस पर बड़ी जिम्मेदारी: एक ही गांव में दो महिलाओं के साथ गैंगरेप की घटना ने उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस तरह से आरोपी लंबे समय तक महिलाओं का शोषण करते रहे, अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें डराते रहे, उससे यह सवाल भी उठता है कि आखिर यह सब इतने समय तक कैसे चलता रहा? पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्हें सख्त सजा दिलाने के लिए मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पीड़ित महिलाओं को पूरा न्याय और सुरक्षा मिले.

जांच जारी और खुलासों की आशंका: फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं और भी कोई पीड़िता तो नहीं है जो डर या बदनामी के कारण सामने नहीं आ रही है. रुड़की की यह घटना न केवल समाज को झकझोरने वाली है बल्कि यह भी दिखाती है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभी भी गंभीर और ठोस कदम उठाने की जरूरत है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments