एफएनएन, रुद्रपुर : rudrapur ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा बिहार कॉलोनी में एक बंद मकान के अंदर किराएदार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय कमलेश चंद्र दुबे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से कृष्णा बिहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। बुधवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कमलेश काफी समय से कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के समय बंद गेट से अंदर झांकने पर कमलेश कमरे के फर्श पर पड़े दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने डायल-112 की सहायता से मकान का गेट खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया। जांच के दौरान मृतक के नाक और मुंह से खून निकलता मिला, जबकि शरीर पर कुछ चोटों के निशान भी दिखाई दिए।
पुलिस का कहना है कि शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका है कि मौत कुछ समय पहले हुई होगी। मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतक को शराब पीने की आदत थी। घटना की जानकारी परिवार को दे दी गई है।
क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।







