एफएनएन, रुद्रपुर : उत्तराखंड के रुद्रपुर में तेज रफ्तार डंपर ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास गदरपुर की ओर से आ रहे एक डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 40 वर्षीय पल्लेदार प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मामा रामबाबू बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद एक ऐसी घटना भी सामने आई, जिसने कुछ देर के लिए दूसरे परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया। मृतक का नाम प्रताप होने के कारण भदईपुरा निवासी एक अन्य प्रताप के परिजनों ने उसे ही हादसे का शिकार समझ लिया। परिवार की महिलाएं रोती-बिलखती पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गईं। हालांकि, कुछ देर बाद जब दूसरा प्रताप सकुशल अपने घर पहुंचा तो परिवार ने राहत की सांस ली।
मालगाड़ी की रैक खाली कर लौट रहा था प्रताप
जानकारी के मुताबिक, सुभाष कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय प्रताप पल्लेदारी का काम करता था। मंगलवार दोपहर वह रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की रैक खाली करने के बाद अपने मामा रामबाबू के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान गदरपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने गाबा चौक के पास उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रताप सड़क पर जा गिरा और डंपर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण प्रताप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर मौजूद उसके मामा रामबाबू इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर लगा जाम, पुलिस ने भेजा शव
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर जाम लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर तेल मिल चौकी प्रभारी नवीन जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। हादसे के बाद सड़क पर फैले खून और अन्य अवशेषों को पानी की बौछार डालकर साफ कराया गया। इस दौरान कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
एक नाम की वजह से दूसरे परिवार में छाया मातम
इस हादसे के बाद नाम की समानता के चलते एक दूसरे परिवार में भी चीख-पुकार मच गई। दरअसल, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का नाम प्रताप था, जबकि भदईपुरा में भी इसी नाम का एक व्यक्ति रहता है।
दुर्घटना की खबर भदईपुरा पहुंची तो परिजनों ने गलतफहमी में समझ लिया कि हादसे में उनके परिवार के प्रताप की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार की महिलाएं रोती-बिलखती पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गईं। शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान को लेकर भी कुछ समय तक असमंजस बना रहा।
इसी बीच भदईपुरा निवासी प्रताप जब जीवित और सुरक्षित अपने घर पहुंचा तो परिजनों की जान में जान आई। जिस घर में कुछ देर पहले तक मातम पसरा हुआ था, वहां अचानक खुशी का माहौल हो गया। एक ही नाम होने की वजह से पैदा हुई इस गलतफहमी ने दूसरे परिवार को कुछ समय के लिए गहरे सदमे में डाल दिया।
सीसीटीवी फुटेज से डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में सीओ विभव सैनी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक की पहचान कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दुर्घटना करने वाले डंपर के नंबर की जानकारी जुटाई गई है।
फिलहाल चालक वाहन समेत फरार है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। सीओ के मुताबिक, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में लिया जाएगा। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








