03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Uttarakhand में चुनावी तैयारी तेज करेगी कांग्रेस, प्रभारी कुमारी सैलजा 6 दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी ; जानिए पूरा कार्यक्रम

एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा 17 नवंबर से छह दिवसीय दौरे पर प्रदेश पहुंच रही हैं। अपने दौरे के दौरान वह कुमाऊं मंडल से लेकर देहरादून तक पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर मंथन किया जाएगा।

कुमारी सैलजा अपने दौरे के दौरान प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा लेंगी।

कुमाऊं से देहरादून तक चुनावी तैयारियों पर होगा मंथन

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का फोकस संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए सक्रिय करने पर रहेगा।

कुमाऊं मंडल के दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी चमोली जिले की थराली विधानसभा से इस दौरे में प्रतिभाग करेंगे।

17 नवंबर को टनकपुर से शुरू होगा दौरा

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह के अनुसार, कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करेंगी।

इसी दिन दोपहर 2 बजे पिथौरागढ़ में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में शामिल होंगी। यहां कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक भी प्रस्तावित है।

बेरीनाग और बागेश्वर में भी करेंगी बैठक

कुमारी सैलजा 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में संगठन की मजबूती को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगी। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष रूप से चर्चा होने की संभावना है।

21 नवंबर को थराली और 22 नवंबर को देहरादून में बैठक

प्रदेश प्रभारी का दौरा 21 नवंबर को भी जारी रहेगा। इस दिन सुबह 11 बजे वह चमोली जिले की थराली विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

वहीं, 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा भी गढ़वाल मंडल में रहेंगे सक्रिय

कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा भी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश के दौरे पर हैं। राजेंद्र शाह के मुताबिक, सुरेंद्र शर्मा 15 नवंबर से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में रहेंगे। इस दौरान वह रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी सहित अन्य क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को वह थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज की संगठनात्मक गतिविधियां

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस लगातार अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ा रही है। कुमारी सैलजा का छह दिवसीय दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकों और हस्ताक्षर अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ चुनावी मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की तैयारी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को कितनी मजबूती दे पाता है।

Hot this week

Rudrapur में डंपर का कहर, बाइक सवार पल्लेदार की मौत; एक नाम से दो परिवारों में मचा कोहराम

एफएनएन, रुद्रपुर : उत्तराखंड के रुद्रपुर में तेज रफ्तार...

Ankita bhandari केस में नया मोड़, विनोद आर्य के नार्को टेस्ट की मांग पर अड़े माता-पिता

एफएनएन, देहरादून : Ankita bhandari उत्तराखंड के चर्चित अंकिता...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img