एफएनएन, ऋषिकेश : Rishikesh उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बस संख्या UK09PA9779 मंगलवार सुबह करीब सवा तीन बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 32 यात्री सवार थे। सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गूलर के पास हुआ भीषण हादसा, मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल पर मौजूद रहे।
SDRF ने खाई में उतरकर चलाया रेस्क्यू अभियान
बस गहरी खाई में गिरने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया।
घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने शुरुआती जानकारी में बताया था कि बस में करीब 32 यात्री सवार थे। उस समय 20 लोगों के घायल होने और 6 लोगों की मौत की सूचना थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
एम्स ऋषिकेश और राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराए गए घायल
टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी के मुताबिक, हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हुई है और 25 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में से 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश और 7 लोगों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर उपचार के लिए अस्पतालों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी ने दी हादसे की जानकारी
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। गूलर के पास बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा हो चुका है और घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक सामने आई घायलों की सूची
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, घायलों की सूची में अब तक निम्न नाम शामिल हैं:
-
मोहम्मद वहाब अंसारी, निवासी दुमका, झारखंड (22 वर्ष)
-
राहुल कुमार, निवासी पटना, बिहार (24 वर्ष)
-
अभिषेक, निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर (28 वर्ष)
-
प्रत्यूष, निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर (23 वर्ष)
-
अर्जुन सौरन, निवासी दुमका, झारखंड (34 वर्ष)
-
बुधन मुर्मू, निवासी दुमका, झारखंड (50 वर्ष)
-
आयरा, निवासी गुवाहाटी, असम (3 वर्ष)
-
नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम (26 वर्ष)
-
राजकुमार, निवासी दुमका, झारखंड (32 वर्ष)
-
जतिन, निवासी शाहदरा, दिल्ली (21 वर्ष)
-
पंकज नेगी, निवासी रुद्रप्रयाग (31 वर्ष)
-
संतोष कुमार, निवासी जहानाबाद, बिहार (38 वर्ष)
-
वीरेंद्र सिंह, निवासी कर्णप्रयाग, चमोली (58 वर्ष)
पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों से भरी बस का इतनी गहरी खाई में गिरना बेहद गंभीर घटना है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।







