Saturday, March 7, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडअब नहीं डूबेगा रुद्रपुर: 460 करोड़ की ड्रेनेज परियोजना को हरी झंडी

अब नहीं डूबेगा रुद्रपुर: 460 करोड़ की ड्रेनेज परियोजना को हरी झंडी

एफएनएन, रुद्रपुर: मानसून के दौरान वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे रुद्रपुर शहर के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. शहर के ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है. योजना के पहले चरण के लिए 111 करोड़ रुपये की पहली किश्त जल्द जारी की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.

रुद्रपुर के लिए 460 करोड़ की ड्रेनेज योजना को मंजूरी: रुद्रपुर शहर के लोगों को जल्द ही जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मानसून के दौरान शहर के कई इलाकों में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. शासन ने रुद्रपुर शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए तैयार की गई 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है.

Rudrapur drainage system

रुद्रपुर को जलभराव से मिलेगी राहत: इस परियोजना के तहत शहर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी. योजना के क्रियान्वयन की शुरुआत के लिए 111 करोड़ रुपये की पहली किश्त जल्द जारी की जाएगी. इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

मेयर ने प्रमुखता से उठाई थी जलभराव की समस्या: शहर की इस गंभीर समस्या को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शहर में हर साल होने वाली जलभराव की समस्या से अवगत कराया. इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम ने रुद्रपुर शहर का विस्तृत सर्वे किया. इस सर्वे के दौरान स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए, ताकि एक व्यावहारिक और प्रभावी योजना तैयार की जा सके.

ड्रेनेज सिस्टम के लिए बना मास्टर प्लान: गहन मंथन और तकनीकी अध्ययन के बाद 460 करोड़ रुपये का एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया गया. इस मास्टर प्लान के तहत पूरे रुद्रपुर शहर को चार अलग-अलग जोनों में विभाजित किया गया है, ताकि चरणबद्ध तरीके से ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण और सुधार किया जा सके.

पहले चरण में इन वार्डों में होगा काम: योजना के पहले चरण में जोन-1 को शामिल किया गया है, जिसमें वार्ड संख्या 1 फुलसूंगा और वार्ड संख्या 16 बगवाड़ा क्षेत्र आते हैं. इस क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए 111 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी की जाएगी और इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. पहले चरण के काम की प्रगति के आधार पर अगले चरणों के लिए भी शेष बजट जारी किया जाएगा.

मेयर ने सीएम धामी का आभार जताया: महापौर विकास शर्मा ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर शहर के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी. उनके अनुसार शहर का समग्र विकास और बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद रुद्रपुर एक आधुनिक, व्यवस्थित और जलभराव मुक्त शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा.

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments