एफएनएन, देहरादून : महाशिवरात्रि पर 72 साल बाद इस बार तीन योगों का संयोग है। महाशिवरात्रि के दिन ही प्रदोष व्रत भी है। पंडितों के अनुसार महाशिवरात्रि के व्रतियों पर शिव कृपा बरसेगी। फाल्गुन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि यानी महाशिवरात्रि इस बार 8 मार्च को है।
महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग, चतुर्ग्रही योग और शिव योग बन रहा है। आचार्य सुशांत राज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर इन तीन योगों का एक ही दिन पर बनना अद्भुत संयोग है। इस साल महाशिवरात्रि काफी शुभ फल देने वाली मानी जा रही है।
इसके साथ ही महाशिवरात्रि के दिन शुक्र प्रदोष व्रत भी है। इस दिन व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा करने से सभी सुख की प्राप्ति होगी। सर्वार्थ सिद्धि योग में भगवान शिव का व्रत करने और पूजा करने से हर कार्य में सफलता मिलती है। यह योग शुक्रवार को पड़ने से और फलदायी होगा। इसके अलावा इस दिन शिव योग का संयोग बन रहा है। शिव योग में साधना, मंत्र, जप शुभ फलदायी होते हैं।










