एफएनएन, रुद्रपुर : इसे अजब संयोग कहेंगे कि हत्यारों की गोली का शिकार हुए पार्षद प्रकाश सिंह धामी के घर लक्ष्मी ने कदम रखे हैं। सोमवार रात उनकी पत्नी ने एक सुंदर सी कन्या को जन्म दिया है। यह धनी की पहली संतान है। धामी के विवाह को अभी 1 वर्ष भी नहीं हुआ है। इसे सुखद कहा जा सकता है लेकिन प्रकाश सिंह धामी की मौत को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते हैं और परिवार वाले गम में डूबे हुए हैं। अभी प्रकाश सिंह धामी के चिता की आग भी ठंडी नहीं हो पाई है। परिवार के लोग और परिचित चिंतित है। उनके दिल में सिर्फ एक ही बात है कि प्रकाश को मारने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। हालांकि पुलिस इस मामले में दबिश दे रही है। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, लेकिन अभी हत्यारे पकड़ से दूर है।





