Sunday, February 8, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडहल्द्वानी RTO में गड़बड़ियों का खुलासा, डीएम के पहुंचते ही मची भगदड़

हल्द्वानी RTO में गड़बड़ियों का खुलासा, डीएम के पहुंचते ही मची भगदड़

एफएनएन, हल्द्वानी: नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आज शनिवार को हल्द्वानी स्थित आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी. डीएम के कार्यालय पहुंचते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि निरीक्षण की भनक लगते ही कार्यालय परिसर में सक्रिय बिचौलिए मौके से फरार हो गए. जिलाधिकारी ने इस दौरान रिकॉर्ड रूम से लेकर आमजन से जुड़ी सुविधाओं तक का गहन निरीक्षण किया और कई खामियां सामने आने पर कड़ी नाराजगी जताई.

आरटीओ ऑफिस में डीएम का छापा: हल्द्वानी आरटीओ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक जिलाधिकारी का काफिला आरटीओ कार्यालय पहुंचा. इस दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मचा तो बिचौलियों में भगदड़ मच गई. निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम में फाइलों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं पाया गया. इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि रिकॉर्ड व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

नेम प्लेट और आईकार्ड लगाना अनिवार्य किया: जिलाधिकारी ने कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से नेम प्लेट और आई कार्ड लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इससे आमजन को यह पहचानने में आसानी होगी, कि कौन अधिकारी या कर्मचारी है और कौन बाहरी व्यक्ति. निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में शिकायत पेटिका न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल शिकायत पेटिका लगाने के आदेश दिए, ताकि लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें.

बिचौलियों को दूर रखने के लिए फ्लेक्सी बोर्ड लगाने के निर्देश: इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की. उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की कम से कम हर सात दिन की रिकॉर्डिंग नियमित रूप से चेक की जाए, ताकि किसी भी तरह की अनियमित गतिविधि पर नजर रखी जा सके. डीएम ने यह भी आदेश दिए कि कार्यालय परिसर में स्पष्ट रूप से फ्लेक्सी बोर्ड लगाया जाए, जिसमें लिखा हो कि यहां सरकार द्वारा कोई भी निर्धारित एजेंट नहीं है, ताकि बिचौलियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी: निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए. चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments