एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar के मेला अस्पताल परिसर स्थित जिला अस्पताल में देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के बाद दोनों पक्ष मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। रात करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
इमरजेंसी में घुसा एक पक्ष, बाहर से हुआ पथराव
हमले से बचने के लिए एक पक्ष के कुछ लोग जिला अस्पताल की इमरजेंसी में जा घुसे और लोहे का गेट बंद कर लिया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गए और इमरजेंसी के बाहर जमकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाए और इमरजेंसी के शीशे तोड़ दिए।
वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो में कई लोग इमरजेंसी के बाहर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। एक हेलमेट पहने व्यक्ति के हाथ में धारदार लोहे का हथियार भी नजर आ रहा है। वह गेट के पास पहुंचकर हथियार लहराता और गेट खोलने का प्रयास करता दिखाई देता है।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना
मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शशिकांत के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में बड़ी संख्या में लोग अस्पताल की ओर आते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और धारदार हथियार भी नजर आए। भीड़ ने इमरजेंसी के शीशों को क्षतिग्रस्त किया और अंदर घुसने का प्रयास किया।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने समय रहते इमरजेंसी का गेट बंद कर दिया, जिससे हमलावर अंदर नहीं जा सके। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा बनी रही।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि यह मामला महिला पर फायरिंग से जुड़े मामले से संबंधित है तो उस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








