एफएनएन, कच्छ : Gujarat के कच्छ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के सात लोगों की मौत हो गई। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के रहने वाले थे और एक आर्मी परिवार से जुड़े थे।
भुज-खावड़ा हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
उत्तराखंड के रहने वाले थे सभी मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार गुजरात के कच्छ जिले में घूमने आया था। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरव सिंह, जसपाल सिंह नेगी, सविता सौरवसिंह नेगी, सिविका सौरवसिंह नेगी, रिंकी नितिन गुंसाई, वामिका नितिन गुंसाई, राजेशसिंह रावत और रक्षिता राजेश रावत के रूप में बताई गई है।
अस्पताल पहुंचे सेना के अधिकारी
हादसे के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज स्थित जीके जनरल अस्पताल भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







