एफएनएन, उत्तरकाशी : Gangnani उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगनानी के पास भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार में लापता हुई दो महिलाओं का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया है। शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से दोनों महिलाओं की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें नदी के आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन कर रही हैं। इसके साथ ही लापता महिलाओं का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद भी ली जा रही है।
गंगोत्री हाईवे पर नदी में समा गई थी कार
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे गुजरात के यात्रियों से भरी एक इनोवा कार गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी से डबराणी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सीधे भागीरथी नदी में जा गिरा। कार में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
चार लोगों के शव बरामद, एक घायल एयरलिफ्ट
हादसे के बाद चलाए गए बचाव अभियान के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हेलिकॉप्टर की मदद से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। वहीं, कार में सवार दो महिलाएं हादसे के बाद से ही लापता हैं।
ड्रोन से भी की जा रही तलाश
हादसे के दूसरे दिन शुक्रवार को जिला प्रशासन ने लापता महिलाओं को खोजने के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया। पुलिस, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की क्विक रिस्पांस टीम को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है। इसके अलावा ड्रोन टीम भी घटनास्थल और नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही है।
तेज बहाव और दुर्गम रास्ते बने चुनौती
भागीरथी नदी का तेज बहाव और घटनास्थल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां रेस्क्यू टीमों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। लगातार प्रयासों के बावजूद दोनों महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले गुजरात के यात्रियों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, लापता महिलाओं के परिजन उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से तलाश अभियान लगातार जारी है।







