एफएनएन, देहरादून : Dehradun के रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। 70 वर्षीय महिला घर में अकेली थीं। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका की पहचान रेखा बंसल के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान है। घटना के वक्त उनके पति दुकान पर मौजूद थे, जबकि रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
चेहरे पर मिले खरोंच के निशान
पुलिस के अनुसार, महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। इसके अलावा उनके हाथ में पहना सोने का कंगन भी गायब था। इसी आधार पर परिजन लूट के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत रायपुर और डालनवाला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई। मृतका के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे लूट के अलावा अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई हत्या से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
जल्द होगा घटना का खुलासा
एसपी देहात जया बलोनी के मुताबिक, पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।








