एफएनएन, बिलासपुर : जिला न्यायालय बिलासपुर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची है और पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच शुरू कर दी है। बता दें कि जिला न्यायालय को तीसरी बार धमकी मिली है।
बताया जा रहा है कि यह लगातार तीसरी बार है जब न्यायालय को इस तरह का धमकी भरा मेल मिला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।





