Thursday, February 19, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडजसपुर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, सभासद समेत तीन लोग...

जसपुर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, सभासद समेत तीन लोग घायल

एफएनएन, रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जसपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआडाबरा नगर पंचायत में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई है, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. देखते ही देखते इस घटना ने हिंसक रूप ले लिया. लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला किया, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक स्थानीय सभासद भी शामिल हैं.

विवाद दो समुदायों के बीच होने के कारण पुलिस ने भी मामले का गंभीरता से लिया. पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक घटना की शुरुआत एक बुलेट मोटरसाइकिल को सड़क से निकालने को लेकर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक निकालने के दौरान रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए. कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया.

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले. इस दौरान एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में स्थानीय सभासद शाकिर भी शामिल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गयाय चिकित्सकों ने एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. वर्तमान में उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने पीड़ित सभासद की तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि मामले में सात लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है. काशीपुर के एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments