Wednesday, February 11, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराष्ट्रीयमध्य प्रदेश में काला शनिवार, तीन सड़क हादसों में 12 लोगों की...

मध्य प्रदेश में काला शनिवार, तीन सड़क हादसों में 12 लोगों की गई जान, 35 घायल

एफएनएन,मध्य प्रदेश: शनिवार का दिन मध्य प्रदेश के लिए काला दिन बनकर निकला। राज्य के बैतूल, खंडवा और सिंगरौली जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में पांच महिलाओं और तीन बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। इन दुर्घटनाओं में कम से कम 35 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से 18 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर केसिया-कान्हेगांव मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गयी और 23 अन्य घायल हो गये। चिचोली थाना प्रभारी तरन्नुम खान ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग इमलीधाना में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद बोंदरी गांव लौट रहे थे।

  • खंडवा में दो बच्चों व तीन महिलाओं की मौत

खंडवा में भी ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने से दो बच्चों व तीन महिलाओं की मौत हो गयी। यह हादसा रोशनी थाना क्षेत्र के खिरकिया-खलवा मार्ग पर धनोरा गांव के समीप हुआ। इस हादसे में कम से कम 15 अन्य घायल हो गये हैं। पुलिस एसडीओपी रवींद्र वास्कले ने बताया कि हरसूद में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मेधापानी गांव जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 35 लोग सवार थे। वास्कले के अनुसार छह लोगों की हालत काफी गंभीर है। उनका खंडवा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

  • सिंगरौली में ट्रक की चपेट में आने से दो की मौत

माडा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने सिंगरौली जिले में अमरहवा गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति और एक लड़के की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पीछे बैठे लड़के की मां इसमें घायल हो गई। उन्होंने कहा कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments