एफएनएन, रुद्रपुर: कोतवाली पुलिस ने पुलिस टीम पर हमले के मामले में फरार चल रहे एनडीपीएस के आरोपी को शरण देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी के मोहल्ले में हड़कंप मच गया है. पुलिस टीम पर हमला 1 फरवरी को हुआ था.
फरार नशा तस्कर को शरण देने वाला फरजंद अली गिरफ्तार: उधम सिंह नगर की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस बीते कई दिनों से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर जनपद के एक नशा तस्कर ने पुलिस पर हमला करने के आरोपी को अपने यहां शरण दे रखी है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
नशा तस्कर और उसके साथियों ने पुलिस पर किया था हमला: बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बाजार चौकी क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी में स्मैक की तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपियों ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव कर दिया. इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने मौके से स्मैक के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे.
सीओ ने कहा हमलावरों और उनको शरण देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: इस पूरे मामले में सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि- पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस पर हमला करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
-प्रशांत कुमार, सीओ सिटी-
पुलिस टीम पर हमला करने का ये था पूरा मामला: गौरतलब है कि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 63.38 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया था. कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा पथराव किया गया. हमले में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया था. 1 फरवरी 2026 को निरीक्षक राजेश पाण्डेय, प्रभारी एएनटीएफ जनपद उधम सिंह नगर अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग एवं नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान पर निकले थे. चेकिंग के दौरान सुभाष कॉलोनी की एक गली में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी. पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे, जिनमें नाजिम उर्फ नदीम नामक व्यक्ति भी शामिल था, जो पूर्व में पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है.
फरार हो गया था नशा तस्कर नाजिम अली: पुलिस द्वारा पीछा करने पर नाजिम एक काली पन्नी फेंककर फरार हो गया था. इसी दौरान आरोपियों और महिलाओं द्वारा पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया था. पथराव में हेड कांस्टेबल भुवन पाण्डेय के सिर में चोटें आईं थी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. पुलिस ने मौके से हसीना (उम्र 28) पत्नी इलियास, निवासी वार्ड 29 सुभाष कॉलोनी को गिरफ्तार किया था.
हसीना हुई थी गिरफ्तार: तलाशी के दौरान हसीना के पास से पन्नी में रखी स्मैक बरामद हुई थी. बरामद स्मैक 63.38 ग्राम थी. पूछताछ में हसीना ने बताया कि स्मैक उसका देवर नाजिम लाता था. नाजिम उर्फ नदीम, शाहरुख, इरशाद उर्फ दाऊद उर्फ शद्दा, सूरज, अनमोल समेत कई अन्य महिला-पुरुष आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.






