
एफएनएन, लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि जनता दल (एस) के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने सपा में अपनी पार्टी का विलय कर दिया है। उन्होंने सपा की नीतियों और पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए यह निर्णय किया है।
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि जनता दल (एस) के अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा से हाथ मिलाने के फैसले से असंतुष्ट जनता दल (एस) के राजस्थान, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, केरल, के प्रतिनिधियों ने सपा में विलय का निर्णय किया है।
समाजवादी पार्टी की केरल इकाई के प्रदेश अध्यक्ष डा. साजी पोथेन थामस के प्रयासों से बुधवार को जनता दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव आरएस प्रभास, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शिव सिंह, केरल के प्रदेश अध्यक्ष पंतलाम मोहन दास, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बैकुंठ नाथ सहित हरियाणा और पंजाब इकाई के पदाधिकारी भी सपा में शामिल हो गए।
उन्होंने बताया कि भारतीय समाज दल तथा शोषित समाज अधिकार पार्टी ने बिना शर्त सपा को समर्थन देना तय किया है। इनके अतिरिक्त भाजपा और बसपा के कई नेता भी अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए।