एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand Congress में ठगी का बड़ा मामला: विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच पार्टी नेताओं को टिकट और पद दिलाने के नाम पर एक बड़े ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। खुद को पार्टी से जुड़ा बताने वाले एक व्यक्ति ने कई नेताओं से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक ठग लिए।
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब का रहने वाला गौरव नाम का शख्स उत्तराखंड में सक्रिय नेताओं को बड़े पद और विधानसभा टिकट दिलाने का झांसा देता था। वह नेताओं को यह कहकर भरोसे में लेता था कि उसकी पहुंच शीर्ष नेतृत्व तक है और वह सीधे निर्णय प्रभावित कर सकता है।
राजपुर थाने में सक्रिय कांग्रेसी भावना पांडे ने 25 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, कई अन्य नेताओं से भी करोड़ों रुपये तक की ठगी की बात सामने आ रही है, लेकिन वे अभी तक सामने आने से हिचक रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी नेताओं को राहुल गांधी की नाराजगी का डर दिखाकर चुप कर देता था। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कॉल डिटेल्स के जरिए अन्य पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस के अंदर हलचल बढ़ा दी है। कई नेता अब असमंजस में हैं कि वे खुलकर शिकायत करें या चुप रहें, क्योंकि इससे उनकी भूमिका भी सवालों में आ सकती है।






