एफएनएन, मेरठ: मेरठ के सरधना क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद गांव को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया है। बाहरी लोगों और मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
मेरठ में सरधना क्षेत्र के गांव महमदपुर सिखेड़ा में दुष्कर्म पीड़िता की उपचार के दौरान मौत के बाद हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। किशोरी तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन शुक्रवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
तनावपूर्ण हालात के मद्देनज़र मीडिया को भी गांव में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
भारी पुलिस बल तैनात, हर गतिविधि पर नजर
देर रात शव गांव पहुंचते ही पुलिस ने गांव में डेरा डाल दिया। दोनों ओर से आवाजाही रोक दी गई है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।






