
एफएनएन, देहरादून : भाजपा निकाय चुनाव में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों को चुनने के लिए सर्वे कराएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया सीटों के आरक्षण तय होने जाने के फौरन बाद शुरू हो जाएगी। चुनाव आचार संहिता के बाद सरकार आरक्षण तय कर देगी।
प्रत्याशियों के चयन के संबंध में भट्ट ने कहा, पार्टी ने अपनी तैयारी कर ली है। अब आरक्षण तय होने का इंतजार है। आरक्षण की घोषणा के साथ ही पर्यवेक्षक तय कर दिए जाएंगे। पर्यवेक्षक जिलों में जाएंगे और वे चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के नामों की सूची तैयार करेंगे। इसके बाद पार्टी नामों को लेकर सर्वे कराएगी। सर्वे के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी होगी और उसके बाद प्रत्याशियों के नाम तय होंगे।
भट्ट ने साफ किया, विगत निकाय परिणामों में रिकॉर्ड सुधार लाने के लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी ने पिछले निकाय चुनाव में आठ में से छह नगर निगमों में जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने सभी नगर निगमों के साथ नगर पालिकाओं में जीत का लक्ष्य बनाया है।