एफएनएन, देहरादून : लोकसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड के 76 हजार सर्विस मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट डाउनलोड कर लिए हैं। निर्वाचन कार्यालय की ओर से 93,187 सर्विस मतदाताओं को ये पोस्टल बैलेट भेजे गए थे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों को बताया, राज्य में इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित डाक मतपत्र प्रणाली (ईटीपीबीएस) जारी किए गए थे। 93,187 ईटीपीबीएस इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सर्विस वोटरों तक पहुंचाए गए थे। अभी तक 76 हजार पोस्टल बैलेट डाउनलोड हो चुके हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, 85 वर्ष से अधिक और दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराने की प्रक्रिया की शुरुआत देहरादून जिले में पांच अप्रैल से हो गई है। कल तक देहरादून में 1240 ऐसे मतदाताओं ने डाक मतपत्र के माध्यम से अपना मत अंकित किया था। रविवार से पौड़ी जनपद में भी घर-घर जाकर मतदान कराने की प्रक्रिया की शुरुआत की गई है।







