एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 6 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए कुछ को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है, जबकि कुछ अधिकारियों से महत्वपूर्ण विभाग वापस लिए गए हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल में नितेश कुमार झा, सी रविशंकर, युगल किशोर पंत, उमेश नारायण, विनीत कुमार और दीप्ति सिंह के विभागों में बदलाव किया गया है।
नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग वापस
प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा की जिम्मेदारियों में कटौती की गई है। अभी तक वह सचिव शहरी विकास और पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने उनसे सचिव पंचायती राज विभाग का पद वापस ले लिया है। अब उनके पास केवल सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।
सी रविशंकर को मिला सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार
आईएएस अधिकारी सी रविशंकर की जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है। वर्तमान में वह सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब उन्हें सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग हटाया
आईएएस अधिकारी युगल किशोर पंत की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। वह सचिव संस्कृति, सैनिक कल्याण और सचिवालय प्रशासन विभाग के साथ महानिदेशक संस्कृति की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने उनसे सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया है।
उमेश नारायण को पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी
इस फेरबदल में आईएएस अधिकारी उमेश नारायण को नई जिम्मेदारी दी गई है। वह सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग के साथ उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब उन्हें सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार
अपर सचिव विनीत कुमार की जिम्मेदारियों में भी बढ़ोतरी की गई है। वर्तमान में वह लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
दीप्ति सिंह से अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेदारी वापस
आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह के विभागों में भी बदलाव किया गया है। अभी तक वह निदेशक खेल, युवा कल्याण निदेशक के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। शासन ने उनसे निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस ले लिया है।
तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश
प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अपर सचिव नवनीत पांडे की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें।
साथ ही नई जिम्मेदारी संभालने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस फेरबदल के बाद राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।







