एफएनएन, हरिद्वार : Ankita Bhandari Case उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। मामले से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालात ऐसे बन गए कि ज्योति रौतेला समेत कुछ महिला कार्यकर्ता सड़क पर गिर गईं। वहीं, पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
विनोद आर्या के घर के बाहर पहले से तैनात था पुलिस बल
जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता विनोद आर्या के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उनके आवास के बाहर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
जैसे ही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
पुलिस से भिड़ीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, कई हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विनोद आर्या के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आवास तक पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का सहारा लिया।
इसी बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया गया।
चैट सार्वजनिक होने के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्या के पिता विनोद आर्या रविवार को मीडिया के सामने आए थे। इस दौरान उन्होंने मामले से संबंधित कुछ व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं। चैट सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है।
इससे पहले पहाड़ी महासभा ने भी विनोद आर्या के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी थी। संगठन ने चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसी विवाद के बीच मंगलवार को महिला कांग्रेस ने उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
ज्योति रौतेला बोलीं- विनोद आर्या की गिरफ्तारी होनी चाहिए
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने विनोद आर्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि चैट सार्वजनिक करके अंकिता भंडारी का चरित्र हनन किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
ज्योति रौतेला के मुताबिक, एक तरफ उनका बेटा अंकिता के साथ दुर्व्यवहार और हत्या के मामले में दोषी है, वहीं दूसरी तरफ विनोद आर्या उसे निर्दोष बताने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद चैट सार्वजनिक करना निजता का उल्लंघन है। ऐसे में विनोद आर्या के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता करेंगी ज्योति रौतेला
ज्योति रौतेला ने बताया कि वह हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखेंगी। वहीं, महिला कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।
फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। वहीं, चैट सार्वजनिक किए जाने को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से विरोध और कार्रवाई की मांग लगातार उठाई जा रही है।







