03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Roorkee में फर्जी मार्कशीट और टीसी बनाने का खुलासा, शिव बाबा इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य गिरफ्तार

एफएनएन, रुड़की : Roorkee हरिद्वार जिले के रुड़की में फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदले गए और फर्जी अंकतालिकाएं व स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तैयार किए गए। इस मामले में पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी पिरान कलियर के संचालक एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रधानाचार्य ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। आरोप है कि दोनों लोगों को अपने ही कॉलेज में कक्षा 10 में प्रवेश दिलाकर परीक्षा भी दिलवाई गई। पूरा मामला मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के लिए कथित रूप से तैयार किए गए फर्जी दस्तावेजों से जुड़ा है।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने दर्ज कराया केस

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के स्थापना खंड में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने सिविल लाइन कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में संदीप कुमार और सपना देवी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के लिए धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था।

मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 336, 338, 340 और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी थी।

जांच में शैक्षिक रिकॉर्ड में गड़बड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के शैक्षिक दस्तावेजों और संबंधित विद्यालयों के रिकॉर्ड खंगाले। इसमें सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, लेकिन दोनों ही परीक्षा में असफल रहे थे।

इसके बाद संदीप कुमार ने 14 अप्रैल 2014 और सपना देवी ने 17 अप्रैल 2014 को चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल हाई स्कूल, सुनहरा रुड़की में दाखिला लिया। यहां से वर्ष 2015 में संदीप कुमार ने दसवीं की परीक्षा पास कर ली, जबकि सपना देवी फिर असफल रही।

नौवीं की मार्कशीट भी मिली संदिग्ध

पुलिस जांच में संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की कक्षा नौ की मार्कशीट भी संदिग्ध पाई गई। यह मार्कशीट शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी के नाम से जारी दिखाई गई थी। पुलिस के अनुसार, इसमें द्वितीय श्रेणी दर्ज थी, जबकि कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य प्रदीप की 4 मई 2012 को ही मृत्यु हो चुकी थी।

वहीं, विद्यालय के रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों ने अप्रैल 2012 में सदल सिंह इंटर कॉलेज, हबीबपुर नवादा में कक्षा नौ में प्रवेश लिया था और वर्ष 2012-13 में परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य और संचालक रविंद्र कुमार से पूछताछ की।

दूसरे छात्रों की मार्कशीट पर बदले नाम

पुलिस का आरोप है कि पूछताछ के दौरान रविंद्र कुमार ने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करने और दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलने की बात स्वीकार की। आरोप है कि उसने संदीप कुमार और सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी टीसी और अंकतालिकाएं तैयार कीं।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2009 की मार्कशीट भी कथित तौर पर कूटरचित तरीके से बनाई गई थी। इन दस्तावेजों के आधार पर शैक्षिक रिकॉर्ड तैयार करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार, निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी

इस मामले के सामने आने के बाद शैक्षणिक संस्थानों में दस्तावेजों के रखरखाव और उनकी प्रमाणिकता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी मार्कशीट और टीसी तैयार करने में किन-किन लोगों की भूमिका रही और इन दस्तावेजों का इस्तेमाल मृतक प्रकाश चंद की नौकरी व पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास में किस तरह किया गया।

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह के मुताबिक, फर्जी मार्कशीट तैयार करने के आरोप में प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Hot this week

Haridwar में 11 माह की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी फरार; एम्स ऋषिकेश में चल रहा इलाज

एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar धर्मनगरी हरिद्वार से एक बेहद...

Topics

Badrinath Dham के कपाट आज रात 9:37 बजे होंगे बंद, इसी के साथ संपन्न होगी चारधाम यात्रा

एफएनएन, बदरीनाथ : Badrinath Dham उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img