एफएनएन , देहरादून/नई दिल्ली : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बीजेपी के साथ ही कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। यह बैठक रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की मेगा रैली और मार्च के एक दिन बाद हुई। इस रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी रैली में हिस्सा लिया था।
दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ उत्तराखंड के नेताओं की बैठक
उत्तराखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पिछले तीन दिनों से दिल्ली में मौजूद हैं। सोमवार को इन नेताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात की। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत शामिल रहे।
2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बैठक का मुख्य एजेंडा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां रहा। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा की।
आलाकमान की ओर से प्रदेश नेतृत्व को जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार को घेरने के लिए आक्रामक रणनीति अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही छोटे-बड़े स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच ले जाने और पार्टी के चुनावी अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।
खरगे के आवास पर हुई अहम बैठक
उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं की यह बैठक नई दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर हुई। इसमें खरगे और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा भी मौजूद रहीं।
प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
बैठक के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। पार्टी की ओर से बताया गया कि बैठक में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक विषयों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तथा संगठन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक को उत्तराखंड में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दिल्ली में हुए इस मंथन के बाद प्रदेश कांग्रेस जमीनी स्तर पर अपनी रणनीति को किस तरह लागू करती है।







