एफएनएन, रुड़की : Roorkee स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आदर्श नगर, मलकपुर चुंगी, सोलानी पुल सहित कई प्रमुख स्थानों पर स्कूल बस, वैन और अन्य स्कूली वाहनों की जांच की गई। अभियान में कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए गए।
7 सीटर वैन में मिले 18 बच्चे
चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम को कुछ स्कूली वैन में क्षमता से कहीं अधिक बच्चे बैठे मिले। एक 7 सीटर वैन में 18 बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन नहीं किए जाने पर टीम ने वाहन चालकों को फटकार लगाई और नियमों के तहत कार्रवाई की।
टीम को देखकर वाहन चालक बदलने लगे रास्ता
चेकिंग अभियान के दौरान कुछ स्कूली वाहन चालक परिवहन विभाग की टीम को देखकर रास्ता बदलकर वाहन दौड़ाते नजर आए। टीम ने ऐसे वाहनों को रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चेकिंग से बचने की कोशिश करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वाले वाहनों के काटे चालान
अभियान के दौरान बिना जरूरी दस्तावेज, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहन चालकों के चालान किए गए। परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सहायक उप-निरीक्षक इजारुल हक ने स्कूल वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







